Monday, August 12, 2013

भारी होती हैं बेटियाँ

बहुत भारी होती हैं बेटियाँ
बेटा गोद में होता है
कभी कंधे पर भी
सिर पर भी चढ़ जाता है
और बेटी को --
अगर नसीबों वाली है तो,
चलना होता है
उँगली पकड़कर,
गोद में नहीं उठाना है उसे
क्योंकि भारी होती हैं बेटियाँ ।

नौकरी ढूँढ रहा है बेटा
कोशिश तो कर ही रहा है
और कोशिशों में बिता चुका है
पैंतीस बसंत,
फिर भी बोझ नहीं है बेटा ,
बीस की हो गयी है बेटी
उसकी उम्र में
माँ बन गयी थी माँ -- दो बच्चों की,
कोई रिश्ता नहीं आया अब तक
और गली में उसकी उम्र की
कोई है भी तो नहीं,
बोझ बन गयी है बेटी ।

बहुत भारी होती हैं बेटियाँ !! " प्रवेश "
                           

कोशिशें

कोशिशें
अक्सर कामयाब हो जाती होंगी ,
लेकिन कोशिश करने वाले
कामयाब हो ही जाने की
कोशिश नहीं करते ।

कहीं ना कहीं
नाकामयाबी  के लिये
जगह छोड़ देते हैं
कोशिश करने वाले
और सफाई देने के लिये
गुंजाइश भी,
"कोशिश तो की थी "।

जो कामयाबी को निशाना बनाते हैं
उन्हें पक्षी , पेड़, पत्ते, सहचर
और आसमान नहीं दिखाई देता,
उन्हें दिखाई देती है
तो केवल पक्षी की आँख ।

साधक द्वारा
साधन से
साध्य की प्राप्ति ।  ~  प्रवेश ~


Tuesday, July 23, 2013

आज नहीं घर में दाना

सुन रे पंछी - तू कल आना
आज नहीं घर में दाना ।

खाली चावल की थाली है
गेहूँ का पीपा खाली है ।
मैंने भी नहीं खाया खाना
आज नहीं घर में दाना ।

हाँ , मैं ही अन्न उगाता हूँ
दुनिया को खिलाता हूँ ।
मैं भूमिपुत्र, सबने माना
पर आज नहीं घर में दाना ।

मैं हूँ किसान, मेरे खेत नहीं
मिट्टी भी नहीं और रेत नहीं ।
मैं बिना हृदय का दीवाना
आज नहीं घर में दाना ।

हाथ नहीं फैलाता हूँ
भीख माँग नहीं खाता हूँ ।
मुझे आत्महन्ता ही कहलाना
आज नहीं घर में दाना ।
                       " प्रवेश "

Monday, July 8, 2013

मोक्ष नहीं है कुर्सी

भूल कर रहे हो
कुर्सी को मोक्ष समझ रहे हो ।

मोक्ष नहीं है कुर्सी ,
एक दोराहा है ।

एक रास्ता स्वर्ग को
और दूसरा नरक को जाता है ।
एक पुण्य की ओर
और दूसरा पाप की ओर  ले जाता है ।

तुम कुर्सी पर विराजमान हो ,
फैसला तुम्हारा ,
नरक को प्रस्थान या स्वर्ग को ?

कुर्सी ने तुम्हें जो शक्ति दी है
उससे तुम चाहो तो
आशीर्वाद और दुआएँ अर्जित कर लो
और चाहो तो श्राप और पाप ।

(सुना है कि कर्मों का फल
इसी जन्म में भुगतना होता है ,
 फिर भी - कल किसने देखा !!)
                                                " प्रवेश "



Tuesday, July 2, 2013

दिल में कुछ अरमान बचाकर रख लो ।

दिल में कुछ अरमान बचाकर रख लो ।
मुट्ठी में तूफ़ान बचाकर रख लो ॥

भूख कहीं सब चावल- चावल ना कर दे ।
दो - एक मुट्ठी धान बचाकर रख लो ॥

माना कि आसानी से बिक जाता है ।
थोड़ा सा ईमान बचाकर रख लो ॥

मुझसे मत पूछो महफूज कहाँ होगी ।
रख पाओ तो जान बचाकर रख लो ॥

दर्द दूसरे  का भी तो महसूस करो ।
पुतले में इंसान बचाकर रख लो ॥

छोड़ो दकियानूस दलीलें मजहब की ।
प्यारे ! हिन्दुस्तान बचाकर रख लो ॥
                                     " प्रवेश "

Wednesday, June 19, 2013

मेघा रे ! तुम क्यों बरसे ?

मेघा रे ! तुम क्यों बरसे ?
मंदिर - मस्जिद कुछ न छोड़ा
सब बहा ले गये शहर से ।

क्या बड़ी - क्या छोटी
तोड़ डाली पर्वत की चोटी
भारी - भरकम पेड़ न छोड़े
कोई बचा न तुम्हारे कहर से ।

बह गये युवा - बूढ़े और बच्चे
तूने ना देखे झूठे - सच्चे
जो रह गये वो थर्र थर्र काँपे
तेरे प्रकोप के डर से ।

गलियाँ बह गयी, गाँव बह गये
उखड़ गये जब पाँव , बह गये
कोशिश का मौका भी न दिया
निकल भी न पाये घर से ।

मवेशी क्या इन्सान न छोड़े
तूने तो भगवान न छोड़े
छोड़े तो शमशान ही छोड़े
सब ख़त्म कर दिया जहर से ।

भवन ढहे ज्यों ताश के पत्ते
कुछ भी नहीं बचा अलबत्ते
तुम  से तो सारे ही हारे
ताज उठा ले गये सर से ।

जिम्मेदार नहीं हो तुम ही
गुनहगार बराबर हम भी
हरे - भरे जंगल उजाड़कर
पहाड़ बना दिये जर्जर से ।

बहती ना तो और क्या करती
चिरी - फाड़ी नंगी धरती
तुम्हें कोसना मज़बूरी है
आफत आई अम्बर से ।
                            " प्रवेश "

Monday, May 13, 2013

खाकी से डर लगता है

नदी किनारे घर है
पर तैराकी से  डर लगता है । 

मैखानों का शौक भी है 
और साकी से डर लगता है । 

सिर्फ तुम्ही पर ऐतबार है 
बाकी से डर लगता है । 

शौक नहीं  परदे का 
तांका - झाँकी से डर लगता है । 

जाने दुनिया क्या सोचे !
बेबाकी से डर लगता है । 

दोस्त बताती है खुद को 
पर खाकी से डर लगता है । 
                                  " प्रवेश " 


Friday, May 3, 2013

कोयल अब इस उजाड़ में बोलती नहीं ।

कोयल अब इस उजाड़ में बोलती नहीं ।
मिसरी सी बोली कानों में घोलती नहीं ।।

नदी के बीच में पत्थर प्यासे पड़े हैं ।
पानी नहीं तो कश्ती कोई डोलती नहीं ।।

उसको कहा तू लड़की है , छोड़ बचपना ।
घर पहुँचने पर मुन्नी जेबें टटोलती नहीं ।।

सड़क पर देखा था कत्लेआम सभी ने ।
ये भीड़ निरी गूँगी है , जुबाँ खोलती नहीं ।।

हमदर्द नहीं है , सरकार बनी बैठी है ।
गरीब को इंसान  सा तोलती नहीं ।।
                                          " प्रवेश "

शायद ! कविता तैंयार है ।

एक कड़ाही  है , एक थाली है ।
रसोई अभी संभाली है ।
जुगाड़ भी है आँच का ।
मौका है कुछ जाँच का ।

कुछ शब्द रखे हैं छाँटकर ।
स्वादानुसार बाँटकर ।
अलग - अलग मसाले हैं ।
सबके स्वाद निराले हैं ।

कोई तेज है , कोई फीका है ।
अपना - अपना तरीका है ।
ये सच है , थोड़ा तीखा है ।
मीठा बनना नहीं सीखा है ।

तैंयार सामग्री सारी  है ।
कविता बनने की तैंयारी है ।
ट्रेनिंग अभी अधूरी है ।
सावधानी जरूरी है ।

प्यार की दे दी आँच नरम ।
तेल लक्ष्य का हुआ गरम ।
अब तड़का भावों का डाला ।
फिर मिला दिया है  मसाला ।

शुरू हुई नयी पारी ।
डाले शब्द बारी - बारी ।
अब पानी डाला नापकर ।
पकने को छोड़ा ढाँपकर । (ढाँपकर = ढककर )

धीमी आँच पर पकाई ।
चम्मच से थोड़ी हिलाई ।
एक खुशबू आर - पार है ।
शायद ! कविता तैंयार है ।
                          " प्रवेश "









Thursday, May 2, 2013

तुमसे यारी हुई

तुमसे यारी हुई
बहुत उधारी हुई ।

जाने कितनों से पंगा लिया
कितनों से मारामारी हुई ।

बहुतों को सीने में दर्द हुआ
बहुतों को दिल की बीमारी हुई ।

गली - गली लेनदार हो गये
पहले न इतनी देनदारी हुई ।

आसमां पर तुम्हारे नखरे गये
जमीं पर मेरी जमींदारी हुई ।
                                   " प्रवेश "

Friday, April 12, 2013

त्रिवेणी - एक प्रयास

एक झलक देखा था कभी
आज भी याद है वो सूरत जो अपनी सी लगी
सफ़ेद कमीज पर पक्के रंग की रगड़ की तरह ।। 1

जंगल में आग लगी है बहार आने पर
पेड़ों ने नयी कोपलें पहनी हैं मगर
खिजां में गिराये हुए पत्ते अभी सड़े ही नहीं ।। 2

फिकर न कर कि सर पे चाँदी है
नूर चेहरे पे बरक़रार है या ना
किसको फुर्सत है , खुद को छोड़ तेरी बात करे ।। 3

जल्दबाजी ना करो
थोड़ी सी हवा लगने दो
रिश्ते भी गर्म हैं , चूल्हे से अभी उतरे हैं ।। 4

एक चिता फिर तैयार है
वो आटा गूँधकर बैठे हैं
सियासत जमीर मार देती है | | 5

उड़ के जाने किधर से आया था
मेरी छत पर बरस गया कुछ पल
कभी भटके हुये खुशी दे जाते हैं | | 6

दूर जिस ठौर तक जाती है नज़र
रेत ही रेत बिछी है देखो
इसी जगह पर समंदर था कभी ॥ 7

सब अपनी जगह सही हैं मगर
जगह बदलते ही कुछ भी सही नहीं रहता
पेट में भूख , ख़्वाब आँखों में रहे ॥ 8

बड़ी गर्मी चढ़ी है सूरज को
साल भरपूर जवानी पर है
उम्र ढलते ही कंपकपायेगा ॥ 9

न पंखा , न कूलर , न ए सी को आराम है
बिजली जाते ही जैसे प्राण सूख जाते हैं
फुटपाथ पर है थोड़ी सी गर्मी बढ़ी हुई ॥ 10

मौत उठा ले जाती है चील बनकर
हर बार साँप बनकर नये बिल में घुस जाती है
रूह वाकई बड़ी ढीठ , बड़ी जिद्दी है ॥ 11

लम्हे थामे थे बारिशों के लिये
बारिशें आयीं और लौट गयी
तुम न आये तो फिर बरसने लगा ॥ 12

जिंदगी खेल धूप - छाओं का
मेरे हिस्से में धूप ही आयी
तुम पे छाया रहा हमेशा ही ॥ 13

तुझको पाने, कँटीली राहों पर
नंगे पैरों सफ़र किया मीलों ,
घर को लौटा तो हाथ खाली थे ॥ 14

आसमां पर है , हवा का संग है
कल तलक पैरों तले धूल हुआ करता था ,
तुम भी संगत बदल के देखो तो ॥ 15

तजुरबों की एक किताब है जिंदगी
हर पन्ने पर एक तजुरबा लिखा है
महज पन्ने उलटने से दिन नहीं उलटते || 16

वक़्त रहते सही रास्ता मिल जाये
तबाही , खुशहाली में बदल जाये
पानी और जवानी का आना शुभ हुआ || 17

चतुर योद्धा है मौत 
लड़ती रहती है जिंदगी 
आखिर मौत जीत जाती है ॥ 18 


चाँद छोटा सा बड़ा प्यारा था 
चाँद बढ़कर ही दागदार हुआ 
बचपन जवानी से कहीं बेहतर है ॥ 19 


चाँद छोटा सा बड़ा प्यारा था 
चाँद बढ़कर ही दागदार हुआ 
बेदाग होकर बढ़ना भी आसान नहीं ॥ 20 


बदल - बदल जगह मुंडेरों पर 
जगता रहा है चाँद शब भर 

न जाने चोर है या चौकीदार ! 21!
                                               " प्रवेश "




Tuesday, April 9, 2013

पानी से खफा सफरी क्यों है !

ये अफरा - तफरी क्यों है !
पानी से खफा सफरी क्यों है !!

कहने और दिखाने को गाँव बहुत प्यारा है ।
ये मिजाज मगर शहरी क्यों है !!

आजादी की रिटायरमेंट की उम्र गयी ।
ये ख़ुशी अब भी सुनहरी क्यों है !!

जनता चीखती है और खामोश हो जाती है ।
ये सरकार निरी बहरी क्यों है !!

दो - दो कदम तो दोनों ही चले थे ।
ये खाई मगर इतनी गहरी क्यों है !!

रूह तो उड़ने को तैंयार है हरदम ।
पुतले में साँस आखिर ठहरी क्यों है !!
                                    " प्रवेश "

Saturday, April 6, 2013

रफ़्तार का नशा

नशा
केवल शराब , चरस ,
गांजा , अफीम
या मोहब्बत का ही नहीं होता ।
अभी - अभी
रफ़्तार के नशे में
जो कीचड़ उछालकर गया है
मेरी तरफ ,
मेरी साईकिल की सीट
उसकी कार से ऊंची है ।
                          " प्रवेश "