Saturday, June 15, 2019

भरते ज़ख्मों को उधेड़ लेते हो
किसी के ज़ख्मों को सीने के क़ाबिल ना हुए
तुम समझते हो समंदर ख़ुद को
डुबो सकते हो मगर पीने के क़ाबिल ना हुए
दौलत कमा ली बहुत, आज भी तुम
सर उठाकर जीने के क़ाबिल ना हुए | ~प्रवेश~

Wednesday, June 12, 2019

कुछ दोस्तों के लिए

आईना अपने घर में कैसे लगा लेते हो
लगा भी लिया तो नज़र कैसे मिला लेते हो

तुम खुद भी जानते हो अपनी फ़रेबी फ़ितरत को
तुम तो वो हो जो ख़ुद को भी दग़ा देते हो

तुम्हारी ग़लती का एहसास करा दे कोई
ज़ोर से बोलकर उसको ही डरा देते हो

ज़मीर बेचकर जो दौलत कमा रहे हो तुम
बताओ तो सही किस - किस को हिस्सा देते हो | ~ प्रवेश ~


Monday, June 10, 2019

प्रधानपति

ज्योतिषी ने गौर से, मेरी हथेली को देखा है
राजयोग की एक भी, यहाँ न कोई रेखा है |

नेता मैं न बन पाऊँगा, ये बात मैंने जान ली है
नेतागिरी करनी मुझे, ये बात मैंने ठान ली है |

नेता बनना है तो करनी दोस्ती सरपंच से
मैं भाग्य की रेखा बदल दूंगा किसी प्रपंच से |

अगले चुनावों में पत्नी को टिकट दिलवाऊंगा मैं
वो प्रधान बनेगी तो, प्रधानपति बन जाऊंगा मैं |

कौन उसको पूछेगा, वो बस मुहर बनकर रहेगी
प्रधान की सारी जिम्मेदारी मेरे सर रहेगी |

छोटे - बड़े सबसे फिर अपनी जान और पहचान होगी
नेता बन जाऊंगा एक दिन, अपनी अलग ही शान होगी | ~ प्रवेश ~

Wednesday, May 15, 2019

गाँव के लिए

मैं कुछ करना चाहता हूँ
अपने गाँव के लिए
अपने पहाड़ के लिए |
मैं चाहता हूँ
हर बच्चा पहुँच सके स्कूल
हर हाथ को काम हो
हर मरीज को उपलब्ध हो दवा
जंगलों की आग बुझे
शुद्ध हो हवा |
मैं चाहता हूँ कि
गाँव शहर से पिछड़ा न रहे
गाँव और शहर का कन्धे से कन्धा मिले
छोटा - बड़ा जैसा भी हो
हर आदमी को धन्धा मिले |
मुझे लौटना नहीं है गाँव
क्योंकि वहाँ उपलब्ध नहीं है
जो मैं चाहता हूँ,
फिर भी मैं चाहता हूँ
कि फेसबुक पर
एक कविता पोस्ट करूँ
और वो हो जाए
जो मैं चाहता हूँ गाँव में | ~ प्रवेश ~
( शहर न छोड़ते हुए
गाँव का ख़यालों में भला चाहने वालों को समर्पित )

Saturday, June 30, 2018

मैं फेसबुक पर छा जाऊँ

दिल चाहता है
मेरा पड़ोसी कार ले आये
मैं उसके संग तस्वीर खिंचवाऊँ
फेसबुक पर लगा के उसको
लाइक और कमेंट्स कमाऊँ
मैं फेसबुक पर छा जाऊँ

दिल चाहता है
मेरी पड़ोसन सास से झगड़े
उसका बेटा वीडियो बनाये
मुझसे व्हाट्सप्प पर साझा करे
मैं उसको फेसबुक पे लगाऊँ
शेयर, लाइक - कमेंट्स कमाऊँ
मैं फेसबुक पर छा जाऊँ

दिल चाहता है
चुरा के किसी की कविता - शायरी
अपने नाम से चिपका डालूँ
बहुत खूब वाह - वाह कमाऊँ
थैंक यू थैंक यू लिखता जाऊँ
अपनी चोरी पर इतराऊँ
मैं फेसबुक पर छा जाऊँ

दिल चाहता है
एक पोस्ट मैं खुद भी लिख लूँ
नेताओं को गाली दे दूँ
पक्ष - विपक्ष के समर्थकों को
अपनी वाल पर लड़वाऊँ
मैं फेसबुक पर छा जाऊँ | ~ प्रवेश ~


Saturday, June 23, 2018

कोई अब कुछ ना कहेगा जानकर ,
जी में जो आता है बोले जा रहे हैं ॥

अद्यतन दिखने की झूठी आड़ में
सभ्यता को कहाँ वो ले जा रहे हैं ॥

मान - मर्यादा, अदब - तहजीब अब तो
कौड़ियों के भाव तोले जा रहे हैं ॥

लोभ - लालच - स्वार्थ आज इंसानियत का
जनाज़ा  शमशान को ले जा रहे हैं ॥

अब सफ़र कुर्सी तलक ज्यादा नहीं है
नये - नये ऱाज खोले जा रहे हैं ॥

ऊँचे आसन और ऊँचे भाषणों से
आवाम में जहर घोले जा रहे हैं ॥ " प्रवेश "

तेरा साथ होने भर से

मैं जानता हूँ
कि अक्सर ऐसा नहीं होता
फिर भी
मुझे ऐसा लगता है
कि तेरा साथ होने भर से
जिंदगी आसान हो जायेगी ।

मैं जानता हूँ
वक़्त ग़ुलाम नहीं किसी का 
फिर भी
मुझे ऐसा लगता है
कि तेरा साथ होने भर से
मैं वक़्त को थाम लूँगा |

मैं जानता हूँ
जवानी सदा नहीं रहती
फिर भी
मुझे ऐसा लगता है
कि तेरा साथ होने भर से
मुझे बुढ़ापा नहीं आएगा |

मैं जानता हूँ
ज़रूरतें कभी ख़त्म नहीं होतीं
फिर भी
मुझे ऐसा लगता है
कि तेरा साथ होने भर से
मुझे किसी की ज़रूरत नहीं रहेगी | ~ प्रवेश ~ 

शायद फिर चुनाव हो रहा है

सड़क में गड्ढों का भराव हो रहा है ।
शायद फिर चुनाव हो रहा है ॥ 

मिला - जुला है इन दिनों शहर का माहौल । 
कहीं मिठाइयाँ बँट रही हैं , कहीं पथराव हो रहा है ॥ 

चूंने लगी है वायदों की टंकी । 
वायदों का खूब रिसाव हो रहा है ॥ 

मतदाता जो कल तक था कौड़ियों के भाव । 
वही आज मोतियों के भाव हो रहा है ॥ 

चल रही हैं कहीं गोलियां दनादन । 
ज्यों राजपूतों की शादी में ढुकाव हो रहा है ॥ 

शरीफ हैं, समझते नहीं मशीनी धाँधली । 
बस बटन दबाने का चाव हो रहा है ॥ 

मुश्किल हैं इन दिनों हाल - ए - दिल जानना । 
किसका - कब - किससे - कैसा लगाव हो रहा है ॥ 

चिरंजीवी माँगों का पुलिंदा लेकर । 
फिर पार्टी मुख्यालय का घेराव हो रहा है ॥ ~ प्रवेश ~ 




किलै परेशान छै

को छै , किलै परेशान छै
खुट - हाथ लै ठिकै छीं
देखणक लै बान छै
को छै , किलै परेशान छै

यो पछिन सोचिये
दुनी क्या कलि त्यहुणि
पैली क्वे काम कर
आजी त जवान छै
को छै , किलै परेशान छै

काम ठुल - छ्वट नि हुन
मन में लगन चहिंछ
अपण मनक एक
त्वी त पधान छै
को छै , किलै परेशान छै 

आज जो त्यर दगड़ नि छीं
भोव त्यरै गुण गहिल
त्वी उनरि  आस छै
त्वी उनरि   शान छै
को छै , किलै परेशान छै  | ~ प्रवेश ~